नगर परिषद के अधीन वार्ड 15 ठलोरा मंडी के तालाब मोहल्ला और एससी मोहल्ले में पिछले पांच दिनों से लोगों पीने के पानी के संकट से जूझ रहे हैं। इसका कारण इस इलाके में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पाना बताई जा रही है। गर्मी और उसमभरे मौसम में पानी नहीं मिलने से लोग बेहाल हैं।
तालाब मोहल्ला के लोगों का कहना है कि पिछले पांच दिनों से हालात विकट हो गए हैं। पानी की सप्लाई नहीं होने से लोगों को दूसरे इलाकों से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। या फिर लोग पैसे देकर पानी टैंकर खरीदने को विवश हैं। लोगों ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन पांच दिनों तक पानी की सप्लाई बहाल नहीं हो पाई।
ठलोरा मंडी के हरबंस सिंह और संजय सिंह, सुरजीत कोहली, अशोक कोहली और रानो देवी ने कहा कि उनके क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से लोग पीने का पानी न मिल पाने के कारण इधर-उधर भटक रहे हैं। पांच दिन पहले पानी की सप्लाई दी गई थी, लेकिन उसके बाद लोगों को पानी नहीं मिला। इन लोगों ने बताया कि इस बारे में पूछने पर अधिकारी कहते हैं कि मोटर खराब है। लोगों ने कहा कि मोटर ख़राब होने पर विभाग टैंकर के जरिए पानी उपलब्ध करवाता है लेकिन उनके इलाके में पानी का टैंकर भी नहीं भेजा गया।
लोगों का कहना है कि मजबूर होकर पैसे खर्च कर निजी टैंकरों से पानी मंगवाया जा रहा। लेकिन जरूरत के अनुसार टैंकर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। इससे जो पानी आ रहा है, उसे ही लोग किसी तरह बांटकर काम चला रहे हैं।
गत दिनों सांबा में तेज बारिश होने और एक दिन बिजली बंद रहने के कारण ट्यूबवेल और एक अन्य स्टेशन में तकनीकी खराबी आने से पानी की आपूर्ति बाधित हुई थी। खराबी को ठीक कर दिया गया है और आज ही पानी की सप्लाई बहाल हो जाएगी। - फारूक खान, एईई पीएचई विभाग