बाड़ी ब्राह्मणा। पंचायत लोअर खड़ा मदाना के गांव सुबली में दो माह से पानी की आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने बताया कि 350 लोगों की आबादी वाले इस गांव के लोग पैसे देकर पानी का टैंकर गांव में मंगाते हैं। गांव के लोगों ने इस संबंध में जल शक्ति विभाग के जेई, एईई और एक्सईएन से भी गुहार लगाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। लोगों ने कहा कि जिन घरों में पाइप लाइन पहुंची हुई है उनमें भी पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
वार्ड-2 की पंच शमीम अख्तर ने बताया कि अधिकारियों के पास जा-जा कर उनका बुरा हाल हो चुका है। किसी भी स्तर पर उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। बैक टू विलेज के तीनों चरणों में पानी की आपूर्ति का मुद्दा उठाया, लेकिन उसे नजरअंदाज किया जा रहा है। लोअर खड़ा मदाना के सरपंच अनिल शर्मा का कहना है कि पानी की आपूर्ति दो माह से नहीं हो पाई है, जिससे ग्रामीणों में रोष है। आने वाले दिनों में यह रोष सड़क पर ना आ जाए। इसलिए विभाग को पानी की समस्या जल्द से जल्द हल कर देनी चाहिए।
---
इस गांव में पानी की आपूर्ति बाड़ी ब्राह्मणा से बीरपुर, दाता तालाब, टक्कर,, खड़ा मदाना भेजी जाती है। अस्थाई कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों का प्रतिनिधि मंडल मिला है। हम वहां टैंकर से पानी भिजवाने की सुविधा मुहैया करा रहे हैं। बाकी पानी की आपूर्ति सुचारु करने के लिए भी जल्द से जल्द काम शुरू कर रहे हैं।
-आशीष शर्मा, एईई, सबडिवीजन, बड़ी ब्राह्मणा