बाढ़ के संकट का दर्द इतना गहरा है कि जम्मू विश्वविद्यालय में हो रही डिसप्ले योर टैलेंट स्पर्धा में भी यह दर्द उभर कर सामने आ रहा है। आज दूसरे दिन भी बाढ़ का विषय प्रतियोगिताओं में छाया रहा। ब्रिगेडियर राजिंद्र सिंह आडिटोरियम और ग्राउंड फ्लोर में आयोजित कार्टूनिंग और चित्रकला प्रतिस्पर्धाओं में छात्रों की प्रतिभा तो उभर कर सामने आई ही, साथ ही बाढ़ का दर्द भी झलका।
चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रों को बाढ़ का दर्द, उत्सव और सावन जैसे विषय दिए गए थे। प्रतिभागियों ने वाटर, पोस्टर, पेस्टल और एकरिलिक रंगों से अपने चित्रों में जान भरी। प्रतियोगिता में प्रथम बाजी इंस्टीट्यूट आफ म्यूजिक एंड फाइन आर्ट्स की रचिता दत्ता ने मारी, जबकि इंजीनियरिंग एंड टेक्नालाजी कालेज के केशव मन्हास और जेयू के पर्यावरण विज्ञान विभाग की संगीता शिवगोत्रा को दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।