जेयू में 22वें भारत रंग महोत्सव में मूक नाटक का हुआ मंचन
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) में 22वें भारत रंग महोत्सव में मंगलवार को मूक नाटक का मंचन जनरल जोरावर सिंह सभागार में किया गया। सोम गिरि बगुइयाती नृत्य मंदिर ने मूक नाटक प्रस्तुत किया। नाटक का निर्देशन सोम गिरि ने किया और रचनात्मक निर्देशक के रूप में अभिनंदन गिरि ने नाटक प्रस्तुत किया। नाटक में 14 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
रचनात्मक निर्देशक ने कहा कि इस मूक नाटक में कोविड महामारी के दौरान कलाकारों ने एक स्थान पर साथ रहकर उस समय आई समस्याओं का नाट्य रूपांतरण किया। इसमें कलाकारों की भावनाओं और स्नेह को दिखाया गया है। नाटक से उन छात्रों के जीवन की कई परिस्थितियों में हताशा, क्रोध, भय, इच्छा को व्यक्त न कर पाने की दशा का दृश्य प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के उप-कुलपति उमेश राय के साथ सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष विश्वरक्षा, डाॅ. गरिमा गुप्ता, सहायक डीन सुमीत शर्मा, आदि उपस्थित रहे। जेयू ने राष्ट्रीय नाटक विद्यालय (एनडीएस) के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को किया। इसमें 20 से 22 फरवरी तक प्रत्येक दिन शाम छ: बजे नाटक का मंचन किया जा रहा है। भारत रंग महोत्सव के अन्तर्गत आज जनरल जोरावर सिंह सभागार में शाम छ: बजे नाटक का मंचन किया जाएगा।