- हत्या का मामला दर्ज है जौहर के खिलाफ, दोबारा हुआ ऑपरेशन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। महिला डाॅक्टर हत्याकांड में एसआईटी ने जांच तेज कर दी है। डाॅ. सुमेधा और आरोपी डाॅक्टर जौहर महमूद के परिवार व दोस्तों से पूछताछ की गई है। जीएमसी जम्मू की उस वार्ड के बाहर पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है, जिसमें जौहर का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि रविवार को एक बार फिर से उसका ऑपरेशन किया गया। बता दें कि डाॅ. जोहर ने अपनी महिला मित्र सुमेधा की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के बाद खुदकुशी का प्रयास किया था।
सूत्रों का कहना है कि इस मामले के तूल पकड़ता देख पुलिस ने अस्पताल में डाॅ. जौहर के कमरे के बाहर सुरक्षा पहरा लगा दिया है, ताकि वह ठीक होने के बाद वहां से किसी भी तरह भागे न। पुलिस ने डाॅक्टर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। जब तब वह ठीक नहीं हो जाता, तब तक पुलिसकर्मियों की निगरानी में रहेगा।
उधर, एसआईटी की टीम ने इस मामले में डाॅ. सुमेधा, जौहर के अभिभावकों और दोस्तों से भी पूछताछ की है। सबसे दोनों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है, ताकि मामले में जांच के जरूरी तथ्य जुटाए जा सकें। दोनों के मोबाइल फोन की काॅल डिटेल भी मंगवाई गई है, ताकि पता लगाया जा सके कि वारदात के पहले किन-किन लोगों से बात हुई थी। हालांकि इस मामले में मृतक महिला डाॅक्टर के अभिभावक अभी कुछ भी नहीं बता रहे।