पीडीपी-भाजपा की गठबंधन सरकार में भाजपा की हिस्सेदारी बढ़ रही है। मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने भाजपा के दो राज्य मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री का दर्ज देने का निर्णय लिया है। सहकारिता और लद्दाख मामलों के राज्य मंत्री छेरिंग दोरजे और ट्रांसपोर्ट एवं ग्रामीण विकास विभाग के राज्य मंत्री अब्दुल गनी कोहली को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया जा रहा है।
कोहली के पास ट्रांसपोर्ट विभाग का स्वतंत्र प्रभार रहा है। राजभवन में राज्यपाल एनएन वोहरा दोनों मंत्रियों को शुक्रवार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। सरकार गठन को दो माह पूरे होने से पहले ही मंत्रिमंडल में पहला विस्तार किया जा रहा है। विस्तार का यह फैसला तब लिया गया है जब ठीक एक दिन बाद दरबार श्रीनगर के लिए प्रस्थान करने वाला है।
राजधानी जम्मू से श्रीनगर पहुंचने से ऐन पहले मुख्यमंत्री ने संतुलन बनाने की कवायद के तहत सरकार में भाजपा का हिस्सा बढ़ाने का फैसला लिया। गौरतलब है कि पीडीपी के पास 28 और भाजपा के 25 विधायक हैं। लेकिन, सज्जाद लोन की पीपुल्स कांफ्रेंस के दो और निर्दलीय पवन गुप्ता को मिलाकर भाजपा का कुनबा भी 28 पर पहुंच गया है।