जम्मू। शहर में सोमवार की दोपहर नृत्य और मस्ती के रंगों से भरी रही। पर्यटन विभाग की तरफ से पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आमंत्रण के साथ मिलकर डोगरी फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया था। इसमें गुक्की पुलाव के साथ ही भद्रवाही राजमा, कलाड़ी-कुलचा जैसे डोगरी खान-पान का लुत्फ लेने के साथ ही अभिनय की दुनिया में नाम कमा चुके सनी हिंदुजा, शारिब हाशमी और चंदन रॉय सान्याल ने रंग जमा दिया।
सनी हिंदुजा टीवीएफ वेब सीरीज एस्पिरेंट्स में संदीप भैया के नाम से मशहूर हो चुके हैं, जबकि शारिब हाशमी फिल्मों के साथ ही लेखन की दुनिया के जाने-माने नाम हैं। उनकी वेलकम टू द जंगल मूवी आने वाली है। चंदन हिंदी और बंगाली दोनों भाषाओं में फिल्मों में अभिनय से एक अलग नाम बना चुके हैं। कमीने मूवी में उनका काम खास तौर पर पसंद किया गया था।
संयुक्त निदेशक पर्यटन एजाज कैसर के अनुसार फूड फेस्टिवल में आए लोगों का इन तीनों कलाकारों ने खूब मनोरंजन किया। उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी रही। शाम को पर्यटन विभाग की टीम कटड़ा पहुंची। यहां उन्होंने पहलगाम हमले और पाक की ओर से हुई फायरिंग में मारे गए निर्दोष लोगों की याद में कैंडल लाइट जलाई। भारतीय सेना के जवानों के बलिदान को याद किया।
अब सीरीज में ये कार्यक्रम...
जम्मू में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन विभाग की तरफ से कार्यक्रमों की सीरीज चलाई जा रही है। इसके तहत तीन जून को पटनीटॉप में विश्व साइकिल दिवस मनाया जाएगा। भद्रवाह में चार जून को सांस्कृतिक संध्या होगी। पांच जून को पटनीटॉप में ही विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।