एक सप्ताह में पांच मामलों में की कार्रवाई
डोडा। गोवंश की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ डोडा पुलिस ने जिलेभर में अभियान तेज करते हुए एक सप्ताह के दौरान पांच अलग-अलग मामलों में 37 गोवंश को मुक्त कराया है। 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अवैध परिवहन में इस्तेमाल एक लोड कैरियर वाहन को भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में थाना अस्सर, देसा और डोडा में कुल पांच एफआईआर दर्ज की गई हैं।
अभियान के दौरान थाना अस्सर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 14 गोवंश को तस्करी से बचाया। वहीं, थाना देसा पुलिस ने एक मामले में नौ गोवंश को मुक्त कराया। थाना डोडा पुलिस ने दो मामलों में 14 गोवंश को बरामद किया। इनमें से एक मामले में पुलिस ने अवैध परिवहन में कथित रूप से इस्तेमाल किए जा रहे लोड कैरियर नंबर जे के 06सी -4056 को भी जब्त किया। पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में आगे की जांच जारी है। डोडा पुलिस ने कहा कि गोवंश तस्करी समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवाद