जिला डोडा को जम्मू से जोड़ने के लिए सुद्ध महादेव में टनल बनाने के लिए सर्वे कार्य शुरू हो गया। बुधवार को सर्वे आफ इंडिया की टीम गोहा मरमत पहुंची। टनल के बन जाने से डोडा के लोगों को 70 किलोमीटर कम सफर करना होगा। अब तक वे डोडा-जम्मू हाइवे पर निर्भर हैं।
इस मार्ग से उन्हें 185 किलोमीटर का सफर तय करना होता है। डोडा को कश्मीर के साथ जोड़ने के लिए देसा कपरन में भी एक टनल बनाने की योजना है, जो अमरनाथ यात्रा के लिए सबसे सुगम रास्ता होगा।
डोडा को राज्य से जोड़ने के लिए एक अन्य सड़क मार्ग की लंबे समय से मांग की जा रही है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से डायरेक्टर जनरल सर्वे आफ इंडिया, डायरेक्टर जम्मू-कश्मीर अमरदीप सिंह के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम ने टनल के लिए सर्वे शुरू किया।
टीम संयोजक कुलदीप सिंह राजा ने बताया कि वे डीजीपीएस सिस्टम लेकर आए हैं। यह बेहद आधुनिक तकनीक है, जिससे सर्वे कार्य में बहुत मदद मिलेगी। सर्वे के बाद टीम अपनी रिपोर्ट केंद्र को सौंपेगी। इसके बाद सेटेलाइट से सर्वे किया जाएगा।