संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन सांबा की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उपायुक्त सांबा आयुषी सूदन के निर्देश पर जिले के दियानी क्षेत्र में बनाए गए विश्राम केंद्र में मरम्मत और सुंदरीकरण कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
वीरवार को केंद्र में दिनभर मरम्मत कार्य चलते रहे। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शौचालयों की मरम्मत, बैठने के स्थानों के सुधार तथा मैदान में टाइल्स बिछाने का कार्य शुरू किया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं। जानकारी के अनुसार, केंद्र में सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। वहीं, गर्म मौसम को देखते हुए एयर कंडीशनर (एसी) की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सभी लंगर एवं विश्राम केंद्रों में यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। प्रशासन का कहना है कि अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।