जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजीपी वीके बिरदी ने वीरवार को बालटाल बेस कैंप का दौरा किया। उनके साथ डीआईजी राजीव पांडे और एसएसपी सुधांशु धामा भी थे। उन्होंने श्री अमरनाथ यात्रा-2026 की सुरक्षा व रसद व्यवस्था का जायजा लिया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के कश्मीर जोन के आईजीपी वीके बिरदी ने वीरवार को श्री अमरनाथ यात्रा-2026 के लिए बालटाल बेस कैंप में सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था का जायजा लिया।
विज्ञापन
पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में आईजीपी बिरदी ने डीआईजी सीकेआर (सेंट्रल कश्मीर रेंज) राजीव पांडे और एसएसपी गांदरबल सुधांशु धामा के साथ बालटाल बेस कैंप का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा के सुचारू संचालन के लिए की जा रही सुरक्षा व्यवस्था की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने यात्रा ड्यूटी पर तैनात जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों के लिए स्थापित विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने बेस कैंप में सुरक्षा बुनियादी ढांचे, आवास, संचार सुविधाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की तैयारियों का आकलन किया। आईजीपी कश्मीर ने एक सुरक्षित, महफूज और बिना किसी परेशानी के तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच तालमेल से किए जाने वाले प्रयासों के महत्व पर जोर दिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे तैयारियों के उच्चतम मानकों को बनाए रखें और यात्रा शुरू होने से काफी पहले सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें। प्रवक्ता ने कहा कि गांदरबल पुलिस वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षित माहौल प्रदान करने और यात्रा के सुचारु संचालन को सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।