ddc election Jammu and Kashmir
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव के आठवें और अंतिम चरण की 28 सीटों पर शनिवार को लगभग छह लाख मतदाता 168 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। अंतिम चरण की 28 सीटों में से 15 सीटें जम्मू संभाग और 13 सीटों पर कश्मीर संभाग में मतदान होगा। मतदान सुबह सात से दोपहर दो बजे तक होगा। इसके अलावा आठवें चरण में पंचायत उप चुनाव के तहत 285 पंचों व 84 सरपंचों की सीटों पर भी वोटिंग होगी।
राज्य चुनाव आयुक्त केके शर्मा ने बताया कि पहले की तरह साफ-सुथरे और सुरक्षित चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 28 सीटों पर चुनाव मैदान में 168 उम्मीदवार हैं। इनमें 122 पुरुष व 46 महिला उम्मीदवार हैं। कुल 640443 मतदाता चुनाव में मतदान करेंगे। इनमें 327168 पुरुष और 303275 महिला मतदाता शामिल हैं।
पुंछ की दो सीटों पर 21 को पुनर्मतदान
डीडीसी चुनाव में प्रदेशभर में सबसे ज्यादा मतदान का रिकॉर्ड बनाने वाले पुंछ जिले की दो सीटों पर 21 दिसंबर को दोबारा मतदान होगा। मेंढर-ए और मेंढर-बी सीटों में धांधली के आरोप पर विभिन्न सियासी दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भारी हंगामा किया था। राज्य चुनाव आयोग ने शिकायतों को ध्यान में रखते हुए दोनों सीटों पर कुल चार मतदान केंद्रों में पुनर्मतदान की अधिसूचना जारी की है।
पूरी मतदान प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग होगी। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के साथ हर हाल में निष्पक्ष और संतोषजनक माहौल में चुनाव के आदेश जारी किए गए हैं। आयोग ने यह आदेश जिला निर्वाचन अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर जारी किया है।
मेंढर-ए के मतदान केंद्र संख्या 17 प्राइमरी स्कूल हजामा और मतदान केंद्र नंबर 32 मिडिल स्कूल गैलां जबकि मेंढर-बी सीट के तहत मतदान केंद्र संख्या 29 मिडिल स्कूल सखी मैदान और मतदान केंद्र संख्या 30 गर्ल्स मिडिल स्कूल सखी मैदान पर दोबारा वोटिंग कराई जाएगी। आयोग के इस आदेश को धांधली के आरोप लगाने वाले प्रत्याशियों ने लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।
सातवें चरण के मतदान में धांधली का आरोप लगाकर मेंढर-बी के कांग्रेस, नेकां, अपनी पार्टी और तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने मेंढर कस्बे में सड़क जाम कर दी थी। शिकायत का संज्ञान लेकर प्रशासन ने छह मतदान कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। मतदान के दूसरे दिन मेंढर-ए के हरनी क्षेत्र के लोगों ने नेकां प्रत्याशी पर मतदान केंद्र कब्जाने का आरोप लगाकर मेंढर-सुरनकोट मार्ग जाम कर दिया था।