जम्मू कश्मीर डिस्टेंस स्टूडेंट्स एसोसिएशन भवानी नगर जानीपुर जम्मू की ओर से एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में डिस्टेंस एजूकेशन के आधार पर स्नातक बेरोजगार युवा सम्मिलित रहे।
एसोसिएशन के प्रधान नीतीश मन्हास की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राज्य में कई जिलों में स्थापित डिस्टेंस एजूकेशन सेंटरों से शिक्षा प्राप्त युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है जिससे उन्हें परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।
मन्हास ने बताया कि राज्य के बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी हैं जिन्होंने डिस्टेंस एजूकेशन संस्थानों से तकनीकी शिक्षा हासिल की है, लेकिन उनकी मान्यता राज्य सरकार की ओर से नहीं मिल रही है और न ही स्टाफ सेलेक्शन बोर्ड की ओर से भी मान्यता मिल रही है।
लिहाजा डिस्टेंस एजूकेशन सेंटरों से डिग्री धारक युवाओं की चिंता बढ़ती जा रही है और उन्हें रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे डिस्टेंस एजूकेशन संस्थानों से स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षा हासिल करनेवाले विद्यार्थियों को परेशान होना पड़ रहा है।