जम्मू विश्वविद्यालय में चल रहे टैलेंट के महाकुंभ में शुक्रवार को हिंदी स्किट ‘देख तमाशा टीवी का’ ने बाजी मार ली। महिला कालेज गांधीनगर द्वारा प्रस्तुत हिंदी स्किट के पेश होते ही राजिंद्र सिंह सभागार तालियों के गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कालेज की छात्रा समिता रैना को बेहतर कलाकारी के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार भी मिला।
बाकी के नाटकों में त्रिकुटा कालेज आफ कंप्यूटर साइंस एंड मैनेजमेंट स्टडीज की टीम द्वारा हिंदी/डोगरी में प्रस्तुत की गई स्किट ‘मैं जन्म क्यों लूं’, को दूसरा पुरस्कार मिला, जबकि कालेज के छात्र मृदुल आंनद को बेहतर कलाकारी के लिए बेस्ट एक्टर का पुरस्कार हासिल हुआ।
पिछले कुछ दिनों से लगातार विजयी हो रहे परेड कालेज को आज तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। कालेज की टीम द्वारा पेश की गई हिंदी स्किट ‘प्रायश्चित’ को तीसरे नंबर से संतोष करना पड़ा। डिसप्ले में एकल कलाकारी के लिए भी महिला कालेज गांधी नगर का सितारा बुलंद रहा।
कालेज की दो छात्राओं दामिनी बलौरिया और मेघा गुप्ता को एकल कलाकारी के लिए सर्टिफिकेट प्राप्त हुए। इनके साथ ही परेड कालेज की दीपिका को बेहतर एकल कलाकारी के लिए सर्टिफिकेट दिया गया।
प्रतिभागी छात्रों को प्रतियोगिता के नियमों और कायदों के बारे में डा. जसपाल सिंह ने जानकारी दी। स्किट प्रतियोगिता के जजों की भूमिका जनक खजूरिया, साहिब सिंह और भूपेंद्र सिंह ने निभाई। कार्यक्रम में मंच संचालन अंजुशा ने किया, जबकि अविशा खजूरिया ने टाइम कीपर भी भूमिका निभाई।