दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2015-16 में दाखिला लेने के इच्छुक कश्मीरी विस्थापित छात्रों का विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण केंद्रीयकृत तरीके से होगा। कश्मीरी विस्थापितों के लिए आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत 5 जून से होगी और 15 जून तक चलेगी।
दाखिला सूची 13 जुलाई को जारी होगी। जिन विषयों के लिए प्रवेश परीक्षा होनी है उनके लिए छात्रों को कोर्स व कॉलेज में सीटों का आवंटन मेरिट आधार पर होगा। मेरिट कोटा के तहत एक अतिरिक्त सीट फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी के तहत आने वाले टेक्निकल संस्थानों में बीई एडमिशन के लिए आरक्षित होगी।
कश्मीरी विस्थापित छात्रों को डीयू की ओर से कोर्सेज के लिए निर्धारित न्यूनतम योग्यता को पूरा करना होगा। छात्रों को पंजीकरण के लिए आवेदन फॉर्म एकेडमिक ब्रांच-1 कमरा नंबर 218, न्यू प्रशासनिक ब्लॉक में जमा कराना होगा।
इसके साथ उन्हें कश्मीरी विस्थापित प्रमाण पत्र, 12वीं के अंकों का प्रमाणपत्र, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, कश्मीर में माता-पिता की संपत्ति का प्रमाणपत्र, वर्तमान आवास का मूल प्रमाण जैसे कि राशन कार्ड, वोटर कार्ड व स्वयं सत्यापित फोटो कॉपी भी देनी होगी।