पीआईसीसीआई के प्रतिनिधिमंडल ने की दिल्ली में कविंद्र गुप्ता से मुलाकात
लद्दाख पर केंद्रित वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन का आयोजन करेगा संगठन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। लद्दाख के एलजी कविंद्र गुप्ता से मंगलवार को नई दिल्ली में पीपुल्स ऑफ इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीआईसीसीआई) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कविंद्र गुप्ता से लद्दाख में आर्थिक विकास के साथ ही विदेशी निवेश को बढ़ावा देने पर चर्चा की।
संगठन के महासचिव कीर्ति शर्मा और ललित महाजन की अगुवाई में मिले प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई इस बैठक का उद्देश्य लद्दाख में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के सहयोगात्मक अवसरों का पता लगाना था। पीआईसीसीआई के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन जल्द ही लद्दाख पर केंद्रित एक वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन का आयोजन करेगा।
एलजी कविंद्र गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि लद्दाख में ईको-टूरिज्म, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि-आधारित उद्योग (जैविक खेती, औषधीय जड़ी-बूटियां), हस्तशिल्प, शिक्षा एवं कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश के अपार अवसर हैं। उन्होंने क्षेत्र के सामरिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए निवेशकों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास जैसे कदमों के जरिए कारोबारी माहौल को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। कारोबारियों से लद्दाख में निवेश के नए अवसर तलाशने का आग्रह किया।
गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में माथा टेका
जम्मू। लद्दाख के एलजी कविंद्र गुप्ता ने मंगलवार को नई दिल्ली में गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में माथा टेका और श्री गुरु हरकृष्ण साहिब जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने समाज की निस्वार्थ सेवा में सिख समुदाय की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह कहलों ने एलजी को उनकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित भी किया। ब्यूरो