बख्शीनगर पुलिस स्टेशन में रिकॉड की जांच करते डीआईजी डॉ. सुनील गुप्ता
एनडीपीएस, सड़क हादसे और भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बख्शी नगर पुलिस थाने के अधीन आने वाली सरवाल पुलिस चौकी में हुई तोड़फोड़ व पुलिस कर्मियों के साथ बदसलूकी के बाद रविवार को जम्मू-सांबा-कठुआ पुलिस रेंज के डीआईजी डॉ. सुनील गुप्ता ने बख्शी नगर पुलिस थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में दर्ज रिकॉर्ड की जांच की, रिकॉर्ड अच्छा मिलने पर थाने के मुंशी मुजफ्फर अहमद को पांच सौ रुपये का पुरस्कार भी दिया।
डीआईजी पुलिस थाने व चौकियों का औचक निरीक्षण कर कामकाज की समीक्षा करते हैं। इस कड़ी में रविवार को वह बख्शी नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। इस दौरान महिला डेस्क, साइबर, एनसीआर, एनडीपीएस, भूमि विवाद का रजिस्टर सहित अन्य रिकॉर्ड की जांच की गई। उन्होंने हवालात व मालखाना का भी निरीक्षण किया। हालांकि इस दौरान उन्हें रिकॉर्ड पूरा मिला। डीआईजी ने पुलिस स्टेशन के आसपास स्वच्छता का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसडीपीओ पश्चिम, बख्शी नगर पुलिस थाने के एसएचओ को अपने क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी रखने का निर्देश दिया। जन शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा करने को कहा। महिला शिकायतकर्ताओं पर विशेष ध्यान देने और निपटारा थाने की महिला स्टाफ द्वारा किया जाने को कहा। उन्होंने एनडीपीएस, सड़क हादसे व भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने जांच अधीन एनडीपीएस मामलों में बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक का पता लगाने का निर्देश दिया। नशा का सेवन करने वाले, नशा तस्करों व अन्य सरगनाओं की सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया। साथ ही उनकी संपत्तियों की पहचान कर कानून के तहत जब्त तथा ध्वस्त किया जाए। उन्होंने बख्शी नगर थाने के एसएचओ को बीट प्रणाली को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद डीआईजी ने एसएसपी जम्मू डॉ. विनोद कुमार के साथ एमएएम कॉलेज, जम्मू में स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा समीक्षा भी की।