गांधीनगर अस्पताल के एक डाक्टर ने पैसे नहीं लाने पर महिला का आपरेशन करने से इनकार कर दिया। इस पर अस्पताल में बवाल मच गया। पथरी से पीड़ित महिला के परिवार के लोगों ने मेडिकल सुपरिटेडेंट के कमरे में जमकर हंगामा काटा तथा आपरेशन से इनकार करने वाले डाक्टर को तुरंत बुलाने की मांग की।
इस बात को लेकर कई घंटों तक तनाव बना रहा। गुस्साएं लोगों ने डाक्टर को अस्पताल से बाहर निकालने की मांग की है। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट मोहम्मद यूनुस चौधरी ने सभी डाक्टरों को अपने कमरे में बुलाया और मामला जाना। फिर विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया।
महिला ने शिकायत गांधीनगर थाने में भी दी है। जानकारी मुताबिक अपर गाडीगढ़ निवासी सुदेश चौधरी के शरीर में पंद्रह एमएम की पथरी है, इसके लिए शनिवार को आपरेशन के लिए गांधीनगर अस्पताल आई थी, लेकिन यहां के एक सर्जन ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।