राजोरी। आतंकी हमले में दोनों बेटों की मौत से सरोज बाला अकेली रह गई हैं, वहीं ससुर और पति की मौत के बाद नीता देवी का सहारा छिन गया है। पूर्व सैनिक सतीश कुमार की मौत से परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। ढांगरी आतंकी हमले के शिकार इन तीनों परिवाराें के सामने अपनों को खोने के गम के साथ कमाने और खाने का संकट भी खड़ा हो गया है। आतंकी हमले में जो मारे गए, उन्हीं पर परिवार के बाकी सदस्यों के भरण पोषण की जिम्मेदारी थी।
प्रीतम लाल और उनके 31 वर्षीय बेटे शिशुपाल की मौत से बिखरे परिवार की बहू नीता देवी टूट चुकी हैं। नीता देवी ने बताया कि ससुर प्रीतम लाल गांव में ही मजदूरी करते थे। पति शिशुपाल एक निर्माण कंपनी के साथ काम कर आजीविका कमाते थे। अपने आंसू पोंछते हुए नीता ने कहा, सास का देहांत पहले ही हो चुका है। दुखों के इस पहाड़ के अलावा हमारे सामने ये भी संकट है कि आगे कौन कमाएगा और कौन खिलाएगा। वहीं, हमले में मारे गए सतीश कुमार के रिश्तेदार चमन शर्मा ने बताया कि सतीश कुमार साढ़े तीन वर्ष पूर्व सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने परिवार की जान बचाने के लिए अपनी जान दे दी। परिवार के लिए आजीविका और बच्चों की शिक्षा का सारा जिम्मा वही उठा रहे थे। चमन ने बताया, सतीश ने आतंकियों को भीतर आने से रोकने के लिए गेट बंद किया था। इसी दौरान वह गोलीबारी का शिकार हो गए। उनकी पत्नी सरोज (36), बेटी आरुषि (14) और बेटे शुभ शर्मा (17) को भी गोलियां लगी हैं। पत्नी और बेटी जीएमसी राजोरी में हैं, जबकि बेटा शुभ पंजाब के अस्पताल में उपचाराधीन है। ढांगरी के सरपंच धीरज शर्मा ने कहा, आतंकी हमले में तीन परिवारों का सबकुछ छिन गया है। हमले के पीड़ित इन परिवारों का सरकार को अब विशेष रूप से ध्यान रखना होगा।