डीजीपी मीारा साहिब में स्मार्ट पैनल का शुभारंभ करते हुए
- पुलिस कर्मचारियों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही, 5जीआई5 स्मार्ट पैनल का किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पुलिस विभाग का सबसे बड़ा कल्याणकारी उपाय पुलिस कर्मियों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करवाना है। पुलिस का लक्ष्य न केवल मुख्यालय जिलों में बल्कि हर जिले और उप-मंडलों के अलावा तहसील पुलिस स्तर पर भी स्कूल स्थापित करना है।
यह बात 5जीआई5 स्मार्ट पैनल के शुभारंभ के मौके पर जेकेपीपीएस मीरां साहिब में डीजीपी आरएस स्वैन ने कही। उन्होंने कहा कि यह पैनल स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी एमएन तिवारी की एक सराहनीय पहल है, जो स्कूल के छात्रों और शिक्षकों को पर्याप्त तकनीकी बढ़ावा देने का वादा करती है। शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों को अपने संबोधन में डीजीपी ने कहा कि पुलिस कर्मियों के बच्चे पिछड़ जाते हैं, अब इन्हें भी सुविधा मिलेगी।
डीजीपी ने कहा कि सभी जिलों और उप-मंडलों में स्कूलों की एक शृंखला स्थापित करने की है, जो एक सुरक्षित और पोषित वातावरण प्रदान करे, जहां बच्चे शैक्षणिक और व्यक्तिगत रूप से विकसित हो सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशीली दवाओं, दुर्व्यवहार और भेदभाव से सुरक्षित रखते हुए जीवन मूल्यों की ओर ध्यान आकर्षित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम बच्चों, विशेषकर हमारे पुलिस कर्मियों के शैक्षिक हितों के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम मानते हैं कि हमारी नौकरी की प्रकृति हमारे बच्चों के लिए चुनौतियां पैदा कर सकती हैं जिसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक सीमित पहुंच भी शामिल है।