जम्मू। शहर में वायु गुणवत्ता सुधार और शहरी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत अहम परियोजना शुरू करने की तैयारी कर ली है। परियोजना पर 2.20 करोड़ रुपये की लागत आएगी। जम्मू रेलवे स्टेशन से बागड़ी मार्केट तक 400 मीटर क्षेत्र में ग्रीन स्पेस को विकसित किया जाएगा, जबकि 1.80 किलोमीटर तक एंड-टू-एंड पेमेंट से निर्माण किया जाएगा।
इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निगम आयुक्त का कहना है कि निर्माण कार्य के लिए जरूरी मशीनरी और अन्य संसाधन जुटाए जा रहे हैं। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना के तहत सड़क किनारे हरियाली विकसित करने के साथ-साथ पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित मार्ग तैयार किया जाएगा। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही को देखते हुए परियोजना काफी लाभकारी साबित होगी। डॉ. यादव ने कहा कि ग्रीन स्पेस विकसित होने से प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी और क्षेत्र का पर्यावरणीय संतुलन बेहतर होगा। वहीं एंड-टू-एंड पेमेंट से निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और आम लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधा मिलेगी।