विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में हेलिकॉप्टर सेवा का किया शुभारंभ
उमर ने कहा, कम बर्फबारी के चलते खेलो इंडिया विंटर गेम्स के लिए नई तारीख की घोषणा संभव नहीं
-
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि गुलमर्ग जल्द ही हेली-स्कीइंग और एडवेंचर राइड्स के लिए एक प्रमुख गंतव्य बन जाएगा। उन्होंने रविवार को विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में हेलिकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया।
उमर ने कहा कि कम बर्फबारी की वजह से सरकार खेलो इंडिया विंटर गेम्स के लिए नई तारीख की घोषणा करने की स्थिति में नहीं है। स्की फेडरेशन के विशेषज्ञ आने वाले दिनों में स्थिति का आकलन करेंगे। यदि वे अनुमोदन करते हैं, तो खेल मार्च के पहले सप्ताह में आयोजित किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेलिकॉप्टर सेवा हेली-स्कीइंग को बढ़ावा देगी। यह पर्यटकों को एक अद्वितीय अनुभव प्रदान करेगी। जल्द ही गुलमर्ग को प्रसिद्ध गंडोला सवारी के साथ हेली एडवेंचर्स के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में मान्यता दी जाएगी। हेलिकॉप्टर सेवा पूरे वर्ष काम करेगी। इससे पूरे साल पर्यटक प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले सकेंगे।
उमर ने कहा कि सरकार गुलमर्ग के स्की इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने के लिए निजी निवेशकों के साथ बातचीत कर रही है। गंडोला को और विकसित करने के लिए योजनाएं चल रही हैं। नई केबल कार परियोजना पर काम चल रहा है। बजट के बारे में पूछे जाने पर उमर ने टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा, हम सात मार्च को हम बजट रखेंगे।