विभाग की टीम ने भूमि की पहचान कर निशानदेही की, जल्द काम शुरू होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के नानकचक क्षेत्र के जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रहे हादसों के बाद आखिरकार क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने जा रही है। इस क्षेत्र में फुटओवर ब्रिज के निर्माण के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने 1.15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पहचान कर निशानदेही कर ली है। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है। डीडीसी सदस्य रमेश चंद्र ने बताया कि इस मुद्दे को सांसद जुगल किशोर शर्मा और विधायक के संज्ञान में लाया गया था। लगातार प्रयासों और जनसंघर्ष के बाद अब यह कार्य धरातल पर उतरने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी था क्योंकि इस स्थान पर पहले कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क पार करना बेहद जोखिम भरा हो गया था। खासकर स्कूल के बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार बस से उतरने के बाद लोगों को जम्मू की ओर जाने वाले ट्रैफिक के बीच से गुजरना पड़ता था जिससे हादसों की आशंका बनी रहती थी। फुटओवर ब्रिज बनने के बाद आवागमन सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि जब तक यह ब्रिज नहीं बनता था, तब तक हर दिन एक डर का माहौल बना रहता था। उन्होंने एक दर्दनाक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक युवक,जो अपनी शादी के बाद नई जिंदगी की शुरुआत करने जा रहा था सड़क हादसे का शिकार हो गया। यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए एक काला दिन साबित हुई। ऐसी घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया और इसी कारण जनआंदोलन शुरू हुआ। क्षेत्र के लोगों ने विभाग और नेशनल हाईवे अथॉरिटी का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।