एलएएचडीसी, कारगिल की बैठक लेते लद्दाख के एलजी कविंद्र गुप्ता। स्रोत : सूचना विभाग
लद्दाख के उपराज्यपाल ने एलएएचडीसी कारगिल के चेयरमैन, काउंसलर्स के साथ की पहली बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
कारगिल। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने रविवार को कॉन्फ्रेंस हॉल में लेह स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी) कारगिल के साथ पहली बैठक की। उन्होंने कहा कि लद्दाख की बेहतरी के लिए हितधारकों को यूटी प्रशासन के साथ मिलकर काम करना होगा। एक पीपीटी के जरिए एलजी को कारगिल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान काउंसलर्स ने अपने मुद्दे और मांगें भी एलजी के सामने रखीं।
लद्दाख को अग्रणी बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को दोहराते हुए एलजी कविंद्र गुप्ता ने कहा कि शिक्षित समाज के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ सहित केंद्र प्रायोजित योजनाओं के व्यापक प्रसार की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने लद्दाख पुलिस से नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज (एनडीपीएस) एक्ट के तहत दर्ज मामलों को कम करने के लिए समय पर कार्रवाई करने को भी कहा।
लद्दाख के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एलजी ने सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। कहा कि वह जल्द ही विभागीय कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। एलएएचडीसी कारगिल के चेयरमैन डॉ. मोहम्मद जाफर अखून ने सांकू और शकर-चिकतन को जिले का दर्जा देने, विकास कार्यों के लिए पर्वतीय परिषदों को आवंटित धनराशि की कटौती बहाल करने, कारगिल हवाई अड्डे के विस्तार के साथ ही हवाई अड्डे पर नागरिक उड़ानों को फिर से शुरू करने व बेरोजगार युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का मुद्दा उठाया। सिलमू के काउंसलर फिरोज अहमद खान ने एलएएचडीसी को मजबूत करने के साथ ही पर्यटन नीति को लागू किए जाने का मुद्दा रखा। एक्जीक्यूटिव काउंसलर फुंसोक ताशी ने पूंजीगत व्यय बजट में वृद्धि की बात रखी। इस दौरान कारगिल के डीसी राकेश कुमार, एसएसपी श्रीराम आर आदि समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।