- कोयला, खान व इस्पात मामलों की संसदीय समिति अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में पहुंची श्रीनगर
पहले दिन कोयला मंत्रालय, कोल इंडिया, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
पहलगाम भी जाएंगे, स्थानीय लोगों से करेंगे मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कोयला, खान और इस्पात मामलों की संसदीय समिति सांसद अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में शनिवार को श्रीनगर पहुंची। पहले दिन समिति ने खनिज व धातु उत्पादन में भारत की आत्मनिर्भरता पर सभी हितधारकों के साथ चर्चा की। बैठक में कोयला मंत्रालय, कोल इंडिया लिमिटेड, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। समिति सदस्य स्थानीय लोगों से भी मिलेंगे।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के आग्रह पर केंद्र ने संसदीय सलाहकार व संसदीय स्थायी समितियों को भेजना शुरू किया है। जून के अंतिम सप्ताह में लोक शिकायत कानून और न्याय से संबंधित स्थायी समिति आई थी। इसके बाद कृषि विभाग की टीम केंद्रीय कृषि मंत्री के नेतृत्व में यहां मौजूद थी। इसी क्रम में अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता वाली समिति यहां पहुंची है।
अनुराग ठाकुर ने अमर उजाला को फोन पर बताया कि कोयला क्षेत्र में अनुसंधान और विकास पर हमारा फोकस है। हम यह भी देखेंगे कि कोयला और लिग्नाइट कंपनियां पर्यावरण के मानदंडों का अनुपालन कर रही हैं या नहीं। बैठक में हमारे साथ जीएसआई और आईबीएम के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नीतिगत स्तर पर किन बदलावों की जरूरत है, हम इस पर भी काम कर रहे हैं। हालांकि ऊर्जा क्षेत्र में काफी आगे निकल चुका है। रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में हम समय से पहले लक्ष्य हासिल कर चुके हैं। जम्मू-कश्मीर में लीथियम के भंडार और संभावनाओं को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत सरकार इस पर गंभीरता से काम कर रही है। इस दिशा में अनुसंधान की दिशा में केंद्र काम कर रहा है।
घाटी के लोग समझ चुके हैं पाकिस्तान ने उनके साथ क्या किया
अनुराग ठाकुर ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद से जम्मू-कश्मीर की जनता को ये पता चल चुका है कि पाकिस्तान किस तरह से उन्हें बर्बाद करने पर तुला हुआ है। स्थानीय लोगों की आर्थिक नींव को इस हमले ने हिला दिया। किसी ने टैक्सी में, किसी ने होटल में निवेश किया था, हमले के बाद उनकी आजीविका का जरिया एकदम से बंद हुआ।
संदेश देने आए हैं कि कश्मीर सुरक्षित व शांतिपूर्ण है
अनुराग ठाकुर ने कहा कि समिति का जम्मू कश्मीर दौरा पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा विश्वास बहाली के उपायों का भी हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इससे पूरे देश में यह संदेश जाएगा कि कश्मीर सुरक्षित और शांतिपूर्ण है।
-
समिति के सदस्यों ने उपराज्यपाल से मुलाकात की, उपराज्यपाल को दी बधाई
श्रीनगर। कोयला, खान और इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आज राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। समिति केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के अध्ययन दौरे पर है। समिति के सदस्यों ने जम्मू कश्मीर में सभी क्षेत्रों में लागू किए गए सुधारों और प्रगतिशील नीतियों के लिए उपराज्यपाल को बधाई भी दी। उपराज्यपाल ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के समावेशी और समतामूलक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य पर भी बात की।
एलजी ने कहा- जम्मू कश्मीर का आम आदमी शांति चाहता है
समिति से मुलाकात में उपराज्यपाल ने कहा, जम्मू कश्मीर का आम आदमी शांति चाहता है। लोगों में देश के प्रति असीम प्रेम और समर्पण है और वे जानते हैं कि उनका भविष्य भारत के साथ है। पहलगाम में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ जम्मू कश्मीर की सड़कों पर जिस तरह का विरोध प्रदर्शन देखा गया, वह अभूतपूर्व था। उपराज्यपाल ने विरोधियों द्वारा बनाए जा रहे फर्जी बयानों और दुष्प्रचार का मुकाबला करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।