- पर्यटन विभाग ने डीपीआर बनाकर मंत्रालय और सचिवालय को भेजी
- देविका के किनारे रिवर फ्रंट विकसित होगा, बनेगा फुटब्रिज
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल पुरमंडल और उत्तरवाहिनी के दिन बहुरने वाले हैं। केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत लगभग 45.88 करोड़ रुपये की लागत से इन दोनों ऐतिहासिक स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय को स्वीकृति और फंड जारी करने के लिए भेज दी है।
इस परियोजना के पूरा होने से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी एक नई दिशा मिलेगी। पर्यटन विभाग द्वारा तैयार की गई डीपीआर के अनुसार श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा और सौंदर्यीकरण के लिए कई प्रमुख कार्य किए जाएंगे। देविका नदी पर पैदल आवाजाही को सुगम बनाने के लिए आधुनिक फुटब्रिज का निर्माण होगा।
नदी के किनारों को सुंदर बनाने के लिए रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के स्नान और पूजा-अर्चना के लिए नए घाट बनाए जाएंगे। परिसर में हरियाली और विश्राम के लिए खूबसूरत गार्डन तैयार किए जाएंगे। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिशा-सूचक और जानकारी देने वाले आधुनिक सिस्टम लगाए जाएंगे। पूरे धार्मिक परिसर में आकर्षक एवं आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था की जाएगी ताकि रात के समय भी यह स्थल भव्य दिखे।