चन्नी हिम्मत और बाहु में पेयजल परियोजनाओं का उद्घाटन करते जलशक्ति मंत्री जावेद राणा। स्रोत : स
- नए ट्यूबवेल से रोजाना पेयजल आपूर्ति में होगा सुधार
- बठिंडी-सुंजवां के लिए 5.90 करोड़ की योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। छन्नी हिम्मत और बाहु के लोगों को पानी की किल्लत से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। जलशक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा ने शनिवार को 6.53 करोड़ रुपये की जलापूर्ति परियोजना का उद्घाटन किया। परियोजना में नए ट्यूबवेल और अन्य कार्य शामिल हैं, जिनसे प्रभावित इलाकों में नियमित और दैनिक पेयजल आपूर्ति मजबूत होगी।
राणा ने कहा कि नई व्यवस्था से पानी की कमी झेल रहे परिवारों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में जलापूर्ति अधिक भरोसेमंद होगी। उन्होंने नए ट्यूबवेल के उचित संचालन और रखरखाव पर भी जोर दिया, ताकि लोगों को बिना रुकावट इसका लाभ मिल सके।
बठिंडी और सुंजवां में मौजूदा जलापूर्ति ढांचे को मजबूत करने के लिए 5.90 करोड़ रुपये की योजना का नींव पत्थर रखा गया। योजना पूरी होने पर तेजी से विकसित हो रहे इन क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता और आपूर्ति की क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य है। बाद में मंत्री ने अधिकारियों के साथ जलापूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित योजनाओं की डीपीआर जल्द तैयार करने, बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाने तथा लोगों की पानी संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।