- नए टर्मिनल निर्माण के बाद 45 लाख यात्रियों को संभालेगा
- 2014 में 10 लाख यात्रियों की क्षमता थी, वर्तमान में 26 लाख तक पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू एयरपोर्ट ने पिछले एक दशक में विकास की लंबी उड़ान भरी है। वर्ष 2014 में प्रतिवर्ष 10 लाख यात्रियों को संभालने वालेएयरपोर्ट पर अब क्षमता 26 लाख हो गई है। बढ़ती यात्री संख्या और जम्मू को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए नया टर्मिनल भवन तैयार होने के बाद क्षमता 45 लाख यात्रियों तक पहुंच जाएगी।
जम्मू एयरपोर्ट संभाग का एक मात्र और महत्वपूर्ण हवाई अड्डा है। बीते वर्षों में यहां यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के विकास के चलते कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2014 में टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल करीब सात हजार वर्गमीटर था, जो वर्तमान में बढ़कर 14,500 वर्गमीटर हो चुका है। नए टर्मिनल भवन के पूरा होने के बाद यह क्षेत्रफल लगभग 40 हजार वर्गमीटर तक पहुंच जाएगा। इससे यात्रियों को अधिक आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी। यात्री संख्या में बढ़ोतरी के साथ विमान परिचालन क्षमता भी बढ़ाई है। एयरक्राफ्ट पार्किंग स्टैंड की संख्या सात से बढ़ाकर 13 हुई है। वर्ष 2021 में रनवे का विस्तार होने के बाद अब जम्मू एयरपोर्ट से बड़े ए-321 विमान भी संचालित हो रहे हैं। इससे एयरलाइनों के लिए परिचालन आसान हुआ है और यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध हो रही हैं।
दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू के लिए सीधी उड़नें
जम्मू एयरपोर्ट से वर्तमान में दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, हैदराबाद, अहमदाबाद, श्रीनगर, लेह और चंडीगढ़ के लिए सीधी उड़ानें हैं। इसके अलावा माता वैष्णो देवी भवन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी है। एयरपोर्ट ने यात्री सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान है। डिजीयात्रा, मुफ्त वाई-फाई, उड़ान यात्री कैफे, फ्लायब्रेरी और वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं शुरू की गई हैं। सुरक्षा मजबूत करने के लिए अत्याधुनिक निगरानी प्रणालियां स्थापित की हैं।
कल मनाया जाएगा यात्री सुविधा दिवस
15 जून को जम्मू एयरपोर्ट पर यात्री सुविधा दिवस मनाया जाएगा। जम्मू एयरपोर्ट के निदेशक देवेंद्र यादव ने शनिवार को प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर एयरपोर्ट प्रशासन यात्रियों, कर्मचारियों और विभिन्न हितधारकों की भागीदारी से कई कार्यक्रम करवाएगा। इसके तहत रक्तदान शिविर, मेडिकल कैंप, पौधरोपण अभियान और सम्मान समारोह जैसे आयोजन होंगे।