- स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से जल्द जारी होगा टेंडर और शुरू होगा निर्माण कार्य, स्थानीय लोगों में यातायात दबाव कम होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र ज्वेल चौक में पार्किंग की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। ज्वेल चौक पर प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना का निर्माण जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से करवाया जाएगा।
ज्वेल चौक और इसके आसपास के बाजारों में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क किनारे वाहन खड़े रहते हैं। इससे व्यस्त समय में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और कई बार जाम की स्थिति भी बनती है। मल्टीलेवल पार्किंग बनने के बाद क्षेत्र में पार्किंग क्षमता बढ़ने के साथ मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड सीईओ डॉ. देवांश यादव ने बताया कि स्मार्ट सिटी के तहत शहर के परेड चौक पर कमर्शियल बिल्डिंग के साथ पार्किंग के लिए 24 करोड़, शालामार अस्पताल व ज्वेल चौक में पार्किंग निर्माण के लिए 25-25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव कैबिनेट को भेजा गया था जिसकी मंजूरी मिल गई। अब इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए स्मार्ट सिटी की ओर से टेंडर प्रक्रिया पर कार्रवाई तेजी से की जा रही है और जल्द टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।