जम्मू। ट्रांसपोर्ट नगर में 22 करोड़ की राशि से ढांचागत विकास किया जाएगा। वीरवार को मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर ने ट्रांसपोर्ट नगर का दौरा कर विकास जरूरतों का जायजा लेते हुए यह बात कही।
उन्होंने सड़कों और ड्रेनेज सिस्टम की खस्ताहालत को जल्द दूर करने के भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए। कहा कि जेडीए और सड़क एवं भवन निर्माण विभाग अपने विभागीय बजट के माध्यम से भी ट्रांसपोर्ट नगर में संतुलित जरूरतों को पूरा करें। अधिकारियों से कहा कि प्राथमिकता से सड़कों की मरम्मत और ड्रेनेज सिस्टम को तैयार करने का काम होना चाहिए। जेडीए और पीडब्लूडी के इंजीनियरों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर की आंतरिक सड़कों की सिंगल लेन कुल लंबाई 60 किलोमीटर की है और क्षेत्र के मुद्दों का हल करने के लिए कठोर फुटपाथ बनाए जाने की जरूरत है।
जलशक्ति विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति पाइप लाइन को पहुंची क्षति की जल्द मरम्मत की जाए। पानी आपूर्ति योजना की समीक्षा करने के लिए भी कहा गया।
नगर निगम आयुक्त को सफाई
कर्मियों की तैनाती के निर्देश
मंडलायुक्त ने स्थानीय दुकानदारों की समस्याएं भी सुनीं। दुकानदारों ने सड़कों की खस्ता हालत को दूर करने और ड्रेनेज सिस्टम के अलावा स्ट्रीट लाइटें लगाने और नियमित आधार पर सफाई की मांग की। डॉ. लंगर ने नगर निगम आयुक्त के समक्ष मामला उठाया और ट्रांसपोर्ट नगर में सफाई कर्मियों की तैनाती के लिए कहा। दुकानदार सफाई शुल्क देने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने जेडीए अधिकारियों और संबंधित तहसीलदार को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।