बिलावर। धार सड़क पर वेरिल मोड़ के पास सरकार के बनाए यात्री शेड का हाल बहुत खराब है। पल्लन पंचायत के पूर्व सरपंच अख्तर अली और अन्य लोगों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए जंगल में यह शेड बनाया गया था, जिसकी दशा इन दिनों खराब है।
उन्होंने कहा कि शेड की मरम्मत नहीं की गई है, जिसके चलते अब शेड के भीतर जाना खतरे से खाली नहीं। यात्री शेड पर लगाया गया पाइप और इंटें चोरी हो गई हैं। वेरिल मोड़ पर हर दिन कई गांवों के वासी आते जाते हैं, जिन्हें बारिश के दिनों में काफी दिक्कतें उठानी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि यात्री शेड के आसपास उगी झाड़ियों के साथ शेड की छत के ऊपर भी बड़ी बड़ी झाड़ियां उगी हैं। इनकी वजह से शेड को बड़ी क्षति पहुंच रही है। पूर्व सरपंच और अन्य प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की है कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए जल्द से जल्द यात्री शेड की मरम्मत की जाए।