लेह। एलएसी पर तनाव के चलते सरहदी गांवों में ब्लैकआउट और संचार नेटवर्क बंद पड़ा है। ऐसे में ग्रामीणों की आपात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की टीमें काम में जुट गई हैं। जिला उपायुक्त लेह के साथ एक टीम ने पूर्वी लद्दाख के अग्रिम इलाकों का तीन दिवसीय दौरा किया है। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद उन्हें मौके पर ही 53 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। इस राशि से आपात जरूरतों की पूर्ति की जाएगी।
जिला उपायुक्त लेह सचिन कुमार वैश्य की अध्यक्षता में प्रशासनिक टीम ने पूर्वी लद्दाख के एलएसी से सटे गांवों दुरबुक, मन, मेरक, लुकुंग, चुशुल, दुंगती, डेमचोक, कुयुल, न्योमा, चुमुर, कोरजोक, निद्दर, समद, अंगकुंग, थुकजे गोंपा का दौरा किया। तीन दिन तक चले इस दौरे में स्थानीय प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और चरवाहों की समस्याएं सुनी गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा गया कि वे इन समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करें। 53 लाख रुपये की राशि को मौके पर ही जारी कर दिया गया। वहीं, ग्रामीणों के लिए राशन समेत पशु चारे के लिए भी विशेष व्यवस्था के निर्देश जारी किए गए।