जम्मू कश्मीर सरकार ने श्रीनगर हाईवे पर फंसे फल लदे ट्रकों को 24 घंटे में निकालने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने वाहनों को रोके जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और यातायात पुलिस को ट्रैफिक क्लीयर कर जल्द से जल्द सत्यापित करने को कहा। कहा कि एक घंटे से अधिक समय तक कोई वाहन न फंसे रहे।
प्रदेश सरकार ने फल लदे ट्रकों के जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर फिर फंसे होने को गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे में फंसे हुए ट्रकों को निकालने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ट्रैफिक क्लीयर कर जल्द से जल्द इसे सत्यापित करने को कहा है। यह भी कहा गया है कि यह भी सुनिश्चित करें कि बिना वजह वाहन न रोके जाएं।
विज्ञापन
फंसे वाहनों तथा उसके कारणों के बारे में प्रतिदिन रिपोर्ट देने को कहा गया है। यह भी हिदायत दी गई है कि कोई भी वाहन एक घंटे से अधिक समय तक हाईवे पर फंसा न रहे। सरकार ने कहा है कि यातायात विभाग फल उत्पादकों की मदद से ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए।
यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाए कि घाटी से निकलने वाले वाहन बिना किसी विलंब के गंतव्य तक तय समय में पहुंचें। यह भी कहा गया है कि हाईवे पर मवेशियों के साथ चलने वाले डेरा के लिए वाहन की व्यवस्था की जाए ताकि बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन हो सके।
विज्ञापन
कम खराब होने वाली सामग्रियों को लेकर जाने वाले वाहनों को मुगल रोड का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। भूस्खलन तथा कम चौड़ाई वाले इलाके में अतिरिक्त ट्रैफिककर्मियों को तैनात किया जाए।
मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता की अध्यक्षता में रविवार को ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर हुई बैठक में एनएचएआई को निर्देशित किया गया कि हाईवे पर कैफेटेरिया मोड़ तथा मेहाड़ इलाके से मलबे को जल्द से जल्द हटाया जाए।
बनिहाल से रामबन के बीच सड़क पर बने गड्ढ़ों को पाटा जाए। टी-5 टनल का काम जल्द से जल्द पूरा करने तथा रामसू व शेरबीबी के बीच की सड़क को चौड़ा करने को कहा ताकि आए दिन हो रही समस्या से छुटकारा मिल सके। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव कृषि उत्पादन, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह, दोनों संभाग के मंडलायुक्त तथा ट्रैफिक विभाग व एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
ट्रैफिक प्रबंधन के लिए कर्मी बढ़ाए जाएं
ट्रैफिक प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों से कहा गया है कि ट्रैफिक को सुचारु बनाने के लिए सभी स्त्रोतों से ट्रैफिककर्मी बढ़ाए जाएं। हाईवे पर लेन अनुशासन को बनाए रखा जाए खासकर बनिहाल से रामबन के बीच। चिह्नित स्थानों को छोड़कर कहीं भी रोड किनारे पार्किंग कतई न हो।