दीपों के त्योहार दिवाली में मिठाइयों की गुणवत्ता जांच शुरू हो गई है। फूड सेफ्टी विभाग की विभिन्न टीमों ने जिले के अलग-अलग ब्लॉकों में औचक निरीक्षण किया। मिठाइयों से लेकर त्योहारी सीजन में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए जम्मू प्रयोगशाला में भेज दिया गया।
दिनभर चलाई गई इस कवायद के तहत बिलावर से चार, नगरी से चार, हीरानगर से तीन और कठुआ से दो नमूने लिए गए। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार त्योहारी सीजन में मुनाफाखोरी की गरज से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ समझौता करने की संभावना बनी रहती है।
दुकानदार बड़े पैमाने पर मिठाइयों से लेकर अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री करते हैं। इस दौरान मिलावट सहित कई अन्य मानदंडों का उल्लंघन किया जाता है। जिला उपायुक्त द्वारा दिए गए निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने ब्लॉक स्तर पर टीमों का गठन का औचक निरीक्षण करते हुए जिले के अलग-अलग इलाकों से 13 नमूने लिए हैं।
इन नमूनों को जांच के लिए जम्मू भेजा जा रहा है। जांच के दौरान यदि कोई भी नमूना मानकों के अनुसार नहीं पाया जाता है तो दोषी दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। टीमों ने ज्यादातर नमूने मिठाई की दुकानों से लिए हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजन कपूर की देखरेख में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास गुप्ता, चिरंजीव कुमार और भारत भूषण ने दिनभर की इस प्रक्रिया को अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन तक लगातार इस प्रक्रिया को जारी रखा जाएगा।