नौकरी की मांग को लेकर जम्मू के डेंटल सर्जन एक महीने से धरने पर बैठे हैं। जम्मू के अंबफला चौक पर धरने पर बैठे बेरोजगार डेंटल सर्जनों का दुखड़ा सुनने आज नेकां नेता पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों को स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
हालांकि, आश्वासन को दरकिनार करते हुए डेंटल सर्जनों ने साफ किया कि उनकी मांगें न माने जाने तक आंदोलन जारी रखेंगे। इस बीच, 17वें दिन मंगलवार को क्रमिक भूख हड़ताल पर डा. तान्या गुप्ता बैठीं।
इस कड़ी में 31 जुलाई को सिविल सचिवालय से डीसी कार्यालय तक दोपहर 1.30 बजे रैली निकाली जाएगी।
धरने पर बैठे डेंटल सर्जनों का आश्वासन देने पहुंचे नेकां के प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा, जुगल महाजन आदि ने कहा कि सरकार डेंटल सर्जनों की मांगों को गंभीरता से लेगी।
डेंटल सर्जन एसोसिएशन जेएंडके के चेयरमैन डा. पवन सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से अभी तक कोई उचित आश्वासन नहीं दिया गया है। सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है।
लिहाजा वे अपना संघर्ष जारी रखेंगे।