संभाग में मंगलवार को एक ही दिन में डेंगू के 19 और पाजिटिव मामले मिले हैं। संभाग में अब तक कुल 52 मामले पाजिटिव पाए गए हैं। अस्पतालों में संदिग्ध मरीजों का आना लगातार जारी है। नए मामलों में जम्मू में 14, कठुआ से चार और एक मामला डोडा जिले से है।
डेंगू के डंक के इतने मामले एक दिन में सामने आने से लोगों में डर बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अस्पतालों में संदिग्ध बुखार के मरीजों के पहुंचने का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डॉ. बलजीत सिंह पठानिया का कहना है कि लैब से रिपोर्ट आने के बाद डेंगू के 19 नए पाजिटिव मामलों की पुष्टि हो गई है। अस्पतालों में संदिग्ध बुखार के मरीजों के खून के सैंपल जांच के लिए लैबोरेटरी में भेजे जा रहे हैं।
जीएमसी की माइक्रो बायोलॉजी लैब से अभी कई सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। सिंह के अनुसार जिन क्षेत्रों से डेंगू के मामले आ रहे हैं वहां पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें दौरा कर मच्छरों के खिलाफ मुहिम चला रही हैं। तापमान में गिरावट होने के साथ साथ इसका प्रकोप कम होगा।