आरएस पुरा। ऑल जम्मू-कश्मीर लबाना समाज सुधार सभा ने ओबीसी वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग की है। कस्बे के सेंट्रल गुरुद्वारा में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में सभा के प्रधान जगजीत सिंह जग्गा, सभा के सलाहकार कैप्टन बाना सिंह, महासचिव गुरजीत सिंह, उपप्रधान परमजीत सिंह, उपप्रधान सूरत सिंह तूफानी, कोषाध्यक्ष जगजीत सिंह आदि की मौजूदगी में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मांग की कि प्रदेश में केन्द्र सरकार के नियमों को लागू किया जाए और जम्मू-कश्मीर यूटी में मंडल कमीशन की रिपोर्ट को जल्द से जल्द लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में देश के अन्य प्रदेशों की तर्ज पर मंडल कमीशन की रिपोर्ट को लागू नहीं किया जा रहा है, जबकि सरकार को ओबीसी वर्ग के लोगों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए उक्त रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू किया जाना चाहिए। जम्मू-कश्मीर में ओबीसी समुदाय की जनसंख्या के आधार पर ओबीसी वर्ग के लिए विधानसभा की सीटें आरक्षित की जाएं। उनका कहना है कि जिस विधानसभा क्षेत्र में ओबीसी वर्ग के मतदाताओं की संख्या अधिक है, उस क्षेत्र की विधानसभा सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित की जाए । इस मौके पर बचन सिंह, कुलदीप सिंह, रंजीत सिंह, मोहिन्द्र सिंह सहित अन्य सदस्य भी मौजूद थे।