किश्तवाड़ जिले के दूरस्थ इलाके के गांव दच्छन में मोर सुदर नदी पर रोपवे की व्यवस्था शुरू कर दी गई। अब लोगों को रोजमर्रा की खरीदारी के लिए 18 किलोमीटर लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। नदी पार करने की कोई व्यवस्था न होने की वजह से दच्छन के लोग जिले से कट चुके थे।
जिले के दूरस्थ इलाके के इस गांव में आने वाले लोगों को सीधी सड़क नहीं होने के कारण काफी दिक्कत होती थी। उन्हें पहाड़ों और जंगलों से 18 किलोमीटर की दूरी पैदल चलकर तय करनी पड़ती थी। कई दशक से लोग प्रशासन से इस गांव को अन्य क्षेत्रों से जोड़ने के लिए नदी पर रोप-वे की मांग कर रहे थे।
लोगों की दशकों पुरानी मांग तब पूरी हुई जब मरवाह के एसडीएम जावेद इकबाल राथेर दच्छन के दौरे पर पहुंचे। यहां पहुंचने के लिए उन्हें सोहरभट्टी दच्छन से रस्सी के सहारे नदी पार करनी पड़ी। वहां से लौटने के बाद उन्होंने स्थिति की गंभीरता और गांव के लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए उक्त नदी पर रोप-वे लगाने की बात डीडीसी किश्तवाड़ अंग्रेज सिंह राणा के समक्ष रखी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी को जल्द से जल्द रोप-वे लगाने का आदेश जारी हुआ। आदेश पर अमल करते हुए पीडब्ल्यूडी ने पांच दिन में ही सोहरभट्टी दच्छन में नदी पर रोप-वे लगा दिया।
रोप-वे के लगने से लोगों को लाभ मिलेगा। साथ ही खाद्य एवं वितरण विभाग को भी रिमोट स्थान पर खाद्यान पहुंचाने में आसानी होगी जिससे लोगों को सर्दियों में दिक्कतें नहीं होंगी।
-अंग्रेज सिंह राणा, डीडीसी, किश्तवाड़