बिलावर। सरकार की ओर से प्रेशर हॉर्न के उपयोग पर प्रतिबंध के बावजूद वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं। वे धड़ल्ले से नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इससे उपमंडल के लोगों को परेशानी हो रही है।
वरिष्ठ नागरिक और पूर्व सरपंच ताराचंद ने बताया कि उपमंडल की सड़कों पर चलने वाले ज्यादातर वाहन इन दिनों ध्वनि प्रदूषण फैला रहे हैं। वे सड़कों पर प्रेशर हॉर्न का उपयोग कर रहे हैं। बिलावर निवासी सुधीर शर्मा ने बताया कि कई वर्ष पूर्व सरकार ने प्रेशर हॉर्न के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाया गया था। लेकिन, आबादी वाले स्थानों पर वाहन बेरोकटोक प्रेशर हॉर्न का उपयोग करते हुए दिखाई देते हैं। जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती है।
देवल निवासी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जिन लोगों के घर सड़क के किनारे हैं, उन्हें ध्वनि प्रदूषण की वजह से काफी परेशानियां उठानी पड़ रही है। वहीं, वरिष्ठ नागरिक सुदर्शन कुमार ने बताया कि प्रेशर हॉर्न से राहगीर कई बार डर जाते हैं। राजकुमार गुप्ता ने बताया के इलाके में टिप्पर और डंपर भी प्रेशर हॉर्न बजाने में पीछे नहीं हैं। लोगों ने यातायात विभाग से मांग की है कि प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई की जाए। जिससे इलाके को ध्वनि प्रदूषण से निजात मिले।