पहलगाम में परिसीमन आयोग से मिलने जाता हुआ सिख प्रतिनिधिमंडल...
- फोटो : अमर उजाला
परिसीमन आयोग ने कश्मीर संभाग के सभी जिलों के डीसी से विधानसभा हलकों को लेकर विसंगतियों का ब्योरा तलब किया है। इसमें संबंधित डीसी को मैप के माध्यम से बताने को कहा गया है कि किन जिलों में विधानसभा सीटें एक से अधिक जिलों में है या ब्लॉक ओवरलैप कर रहा है। इसके अलावा अन्य विसंगतियों की रिपोर्ट के साथ इन्हें दूर करने के लिए सुझाव भी मांगे हैं। हालांकि, इसके लिए कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
आयोग की टीम ने दौरे के दूसरे दिन बुधवार को पहलगाम जाकर दक्षिणी कश्मीर की जमीनी हकीकत जानी। विधानसभा सीटों के गठन में यहां के चार जिलों के नुमाइंदों से उनकी राय ली। कश्मीरी पंडितों ने अपने लिए सीटें आरक्षित करने की मांग रखी। राजनीतिक दलों ने जनगणना के आधार पर सीटें बढ़ाने और जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की आवाज उठाई। पहलगाम में दक्षिणी कश्मीर से जुड़े राजनीतिक दलों के नुमाइंदों ने जनगणना के आधार पर सीटें बढ़ाने की बात की। नेकां और कांग्रेस ने राज्य का दर्जा बहाली की मांग रखी।
आयोग की टीम ने कश्मीर के सभी डीसी से संवाद कर परिसीमन के लिए आवश्यक बिंदुओं और बाधाओं पर बात की। पहलगाम में दक्षिणी कश्मीर के चार जिलों अनंतनाग, शोपियां, पुलवामा व कुलगाम के डीसी ने आयोग के साथ मुलाकात की। इसके बाद श्रीनगर में आयोग ने शेष छह जिलों श्रीनगर, गांदरबल, बडगाम, बांदीपोरा, बारामुला व कुपवाड़ा के डीसी के साथ बैठक की। सभी ने अपने-अपने जिले की जनसंख्या और अन्य जानकारियां रखीं। कई डीसी ने विधानसभा सीटों के एक से अधिक जिलों में होने और ब्लॉक ओवरलैप होने की बात रखी। आयोग ने हिदायत दी कि यह जानकारी परिसीमन परिसीमन अधिनियम के पूरी पारदिर्शता के अनुरूप होनी चाहिए। इसलिए सभी डीसी मैप के माध्यम से इन विसंगतियों की जानकारी देने के साथ ही उसे दूर करने के संबंध में अपने अपने सुझाव भी दें।
आज किश्तवाड़ व जम्मू में राजनीतिक दलों से मिलेगा आयोग
परिसीमन आयोग दो दिन का कश्मीर संभाग का दौरा पूरा कर वीरवार को किश्तवाड़ पहुंचेगा। यहां किश्तवाड़, डोडा व रामबन के राजनीतिक दलों व विभिन्न संगठनों के नुमाइंदे के साथ ही डीसी से आयोग संवाद करेगा। शाम को जम्मू पहुंचकर राजनीतिक प्रतिनिधियों और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करेगा। नौ जुलाई को आयोग जम्मू संभाग के शेष सात जिलों के डीसी के साथ संवाद करेगा।