डिफेंस एकाउंट्स के प्रिंसिपल कंट्रोलर के ग्रेटर कैलाश स्थित घर पर सोमवार की रात सीबीआई ने छापा मारा। आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच कर रही टीम के छापे से पहले ही कंट्रोलर फरार हो गया। टीम ने घर से एक बोलेरो गाड़ी तथा संपत्ति व बैंक से जुड़े कागजातों को जब्त किया है।
सीबीआई को इस बात की शिकायत मिली थी कि प्रिंसिपल कंट्रोलर विक्रम सिंह के पास आय से अधिक संपत्ति है। इसके आधार पर वह जांच में जुटी हुई थी। पहले जांच एजेंसी को पता चला कि वह डिग्यिाना के मॉडल टाउन में रहता है। बाद में उसके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया।
मोबाइल की ट्रैकिंग से उसके ग्रेटर कैलाश स्थित घर का पता चला। सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस के साथ सीबीआई की टीम सोमवार की रात ग्रेटर कैलाश धमक पड़ी। यहां टीम को विक्रम सिंह नहीं मिला।