पाकिस्तान को उसकी हरकतों का उसी की जुबान में जवाब देने का पाठ रक्षा मंत्री ने सैन्य कंमाडरों को पढ़ाया। कश्मीर घाटी में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने बुधवार को रक्षा मंत्री अरुण जेटली श्रीनगर पहुंचे। उनके साथ सेना अध्यक्ष बिपिन रावत भी मौजूद थे।
रक्षा मंत्री को बादामी बाग कैंट में जम्मू-कश्मीर में मौजूदा स्थिति को लेकर जानकारी दी गई। उन्हें पाकिस्तान की ओर से बार-बार की जा रहे सीजफायर उल्लंघन के बारे में बताया। इस दौरान हुई समीक्षा बैठक में सेना प्रमुख रावत के साथ-साथ अन्य सेना के वरिष्ठ अधिकारी, रक्षा सचिव संजय मित्रा उपस्थित रहे।
बैठक में एलओसी पर मजबूत काउंटर इनफिल्ट्रेशन ग्रिड मजबूत करने के विभिन्न उपायों की जानकारी रक्षा मंत्री को दी गई। क्षेत्र में सामान्य स्थिति लाने के लिए उन्हें सभी सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के बारे में भी बताया गया।