कश्मीर घाटी में आतंकी संगठन लश्कर की कमान संभाल रहे आतंकी कमांडर और अमरनाथ यात्रियों पर हमले का मास्टर माइंड अबू इस्माइल बुधवार की रात सुरक्षाबलों की छापेमारी से पहले ही फरार होने में कामयाब हो गया। अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों पर हुए हमले के बाद से ही वह लगातार लोकेशन बदल रहा है। सुरक्षा एजेंसियों की ओर से उसके खात्मे के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं।
सुरक्षाबलों के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में लश्कर कमांडर अबू इस्माइल बुधवार की रात अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचा था। जानकारी मिलते ही रात करीब एक बजे जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसओजी, सेना और सीआरपीएफ द्वारा साझा अभियान चलाया गया।
इलाके का घेराव होने से पहले ही वह अपने बाकी के साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। सुरक्षा एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि अमरनाथ यात्रियों पर हमले के बाद से वह हर दो से तीन घंटे में अपना ठिकाना बदल रहा है। वह अब पुलवामा, रेडवानी, आरवनी इलाकों को छोड़ कोकरनाग और अन्य ऊपरी इलाकों की ओर चला गया है।