हुर्रियत कांफ्रेंस को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना दे रहे डोगरा फाइटर्स ने एक महीने के अल्टीमेटम के साथ अनशन खत्म किया। डोगरा फाइटर्स की मांग है कि हुर्रियत को आतंकी संगठन घोषित किया जाए और सीमा पर पूरी तरह शांति बहाल नहीं होने तक पाक से किसी तरह की वार्ता न की जाए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश सिंह ने कहा कि अनशन के तीसरे दिन जम्मू से आए एक विशेष प्रतिनिधिमंडल के आह्वान पर कार्यकर्ताओं द्वारा अनशन समाप्त किया गया है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की ओर से केंद्र सरकार को हुर्रियत कांफ्रेंस को आतंकी संगठन घोषित किए जाने के लिए एक महीने का अल्टीमेटम दिया गया है।
यदि इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो एसोसिएशन की ओर से जंतर मंतर पर ही फिर से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा और साथ ही रियासत में भी जगह जगह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार 29 अगस्त को एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में पाक उच्चायुक्त कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया था और शुक्रवार शाम से एसोसिएशन के कार्यकर्ता जंतर मंतर में अनशन पर बैठे थे।