जम्मू। शहर के इंदिरा चौक स्थित एक ड्राई फ्रूट की दुकान के पास निलंबित कांस्टेबल का शव बरामद हुआ है। मृतक अखनूर के पलांवाला का रहने वाला था। कांस्टेबल मौजूदा समय में निलंबित चल रहा था। सोमवार को कांस्टेबल को अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखा गया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से इसे मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया।
यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक कांस्टेबल की पहचान राजेश सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राजेश सिंह दो साल पहले हरी मार्केट पुलिस चौकी में भी रह चुका है। किसी कारणवश राजेश को निलंबित किया गया था। हरी मार्केट चौकी प्रभारी पंकज सिंह का कहना है कि कुछ लोगों ने राजेश को एक ड्राई फ्रूट की दुकान के पास अचेत अवस्था में देखकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस कंट्रोल रूम की ओर से हमें इसकी जानकारी मिली थी। फिलहाल कांस्टेबल के शरीर पर किसी तरह का कोई निशान नजर नहीं आया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने इसे लेकर 174 के तहत केस दर्ज कर लिया है।