शहर के जनरल बस स्टैंड के सामने पेट्रोल पंप पर काम करने वाले एक कर्मी पर एक युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने किरच घोंप कर कर्मी को लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने इसे लेकर केस दर्ज कर लिया है। घायल को जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी को अभी पकड़ा नहीं गया है। बताया जाता है कि आरोपी युवक के खिलाफ पहले भी कुछ थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार रेशम घर के रहने वाले 52 साल के प्रभाव सिंह बस स्टैंड के सामने पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। जहां गोल गुजराल कैंप का रहने वाला पवनदीप सिंह आ गया और उसने किरच निकाल कर सीधे प्रभात के पेट में घोंप दी और इसके बाद वहां से भाग गया।
पास में मौजूद टैक्सी चालकों और पेट्रोल पंप पर काम करने वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और उसे अस्पताल पहुंचाया। एसएचओ बस स्टैंड आबिद रफीकी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ 307, 341, 323 के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।