- पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जुटाए सबूत, मामला दर्ज
- मजदूरी करता था मीर मुकाम अवूरा गांव का अब्दुल हमीद
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के अवूरा गांव में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव बरामद किया गया। उसके गले को तेजधार हथियार से काटा गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाने के साथ मामला दर्ज कर लिया है।
एक अधिकारी ने बताया कि मीर मुकाम अवूरा के अब्दुल हमीद खान (50) को उसके ही घर के अंदर खून से लथपथ पाया गया, उसका गला कटा हुआ था। सुबह आसपड़ोस के लोगों ने हमीद का शव देखा तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। अब्दुल हमीद मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि वह घर में अकेला रहता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के लिए घटना का संज्ञान लिया है। मामला दर्ज कर आगे की तहकीकात शुरू कर दी है। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।