गुस्साए परिवार और स्थानीय लोगों ने आरएस पुरा-सतवारी सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। गाडीगढ़ एसडीएम कार्यालय के पास नाले में गिरे व्यक्ति का दूसरे दिन 24 घंटे के बाद शव मिला। इससे पहले व्यक्ति को ढूंढने के लिए एसडीआरएफ की टीमें दिनभर जुटी रहीं। हालांकि परिवार और स्थानीय लोगों ने तलाशने की प्रक्रिया में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया और आरएस पुरा-सतवारी मार्ग को एक घंटे तक बंद रखा। परिवार ने गुस्से में आकर एसडीएम कार्यालय के बाहर ताला तक जड़ दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप से कार्यालय पर ताला खोला गया।
बता दें कि सोमवार गाडीगढ़ के रहने वाले कौशल शर्मा एसडीएम कार्यालय के पास खोदे गए नाले में गिर गए थे। इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं चल पाया। मंगलवार देर शाम करीब आठ बजे शव बरामद हुआ जिसे पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है। वहीं सतवारी पुलिस स्टेशन में नाले के निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर ठेकेदार पर केस दर्ज किया गया है। बता दें कि देर रात तक भी कौशल शर्मा का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
गुस्साए लोगों ने किया रोड बंद
गाडीगढ़ के स्थानीय लोगों ने कहा कि पिछले दो सालों से गाडीगढ़ में नाले पर बना पुल टूटा हुआ है। आना-जाना मुश्किल हो चुका है जबकि नाले को कई जगहों से खोदा गया है जिसमें काम करने के लिए कोई एहतियात नहीं बरती गई। यह लापरवाही का ही नतीजा है कि एक व्यक्ति नाले के बीच गिर गया। यदि काम करने के लिए नाले को दोनों तरफ से कवर किया गया होता तो यह हादसा न होता।
पिता को ढूंढने में कड़ा प्रयास नहीं किया : श्रेया रैना
कौशल शर्मा की बेटी श्रेया रैना का कहना है कि सोमवार रात 8:30 बजे के करीब उनके पिता नाले में गिरे। वह घर से दूसरे घर में जा रहे थे। उनके पिता के दो घर हैं क्योंकि बारिश हो रही थी और फिसलन भी बहुत थी। एक व्यक्ति ने उन्हें इसकी जानकारी दी लेकिन रातभर कोई कड़ा प्रयास तलाश करने में नहीं किया गया। इक्का-दुक्का पुलिस कर्मियों ने सिर्फ औपचारिकता ही पूरी की। एसडीएम कार्यालय पर जड़ दिया ताला
कौशल कुमार के परिवार ने एसडीएम साउथ कार्यालय पर ताला जड़ दिया और गेट के आगे बैठ गया। काफी देर तक ऐसी ही स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस और एसडीएम कार्यालय से स्टाफ ने हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, तब जाकर ताला खोला गया।
कौशल की मौत के लिए प्रशासन जिम्मेदार : भल्ला
जम्मू। जम्मू संसदीय सीट से कांग्रेस उम्मीदवार रमण भल्ला ने लोअर गाडीगढ़ में पुल के निर्माण कार्य के चलते डूबने से कौशल कुमार की मौत के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के परिवारवालों को सांत्वना देते हुए कहा कि उक्त पुल की लंबित परियोजना के लिए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रशासन मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दे।
भाजपा चुनावी भाषणों में 2047 तक देश को विकसित करने के दावे कर रही है, लेकिन जम्मू कश्मीर में बुनियादी सुविधाओं की हालत खस्ता है। निचले गाडीगढ़ क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण पुलों की मरम्मत या निर्माण के लिए कई विरोध प्रदर्शन किए गए। यह 2020 की बाढ़ में बह गए थे, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।