भद्रवाह। साप्ताहिक ब्लॉक दिवस पर भद्रवाह के डाक बंगला में डीसी विकास शर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया। वहीं, संबंधित अधिकारियों को भी कदम उठाने के निर्देश दिए।
डीसी ने जनता की शिकायतों को सुनने के उपरांत उन्हें आश्वासन दिया कि सभी वास्तविक शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जाएगा। इसके अलावा एडीसी भद्रवाह से सभी शिकायतों की सूची बनाने और मासिक आधार पर उनकी समीक्षा करने को कहा है। उन्होंने कहा कि उनकी क्षमता की सभी शिकायतों को प्राथमिकता पर ध्यान में रखा जाएगा और सरकारी स्तर की शिकायतों को तत्काल उचित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने लाइन विभागों के सभी अधिकारियों को नोटिस बोर्ड पर अपने मोबाइल फोन नंबरों को फ्लैश करने का निर्देश दिया, ताकि लोग अपनी शिकायतों को उनके समक्ष उजागर कर सकें।
इसके अलावा जनता की शिकायतों के ऑनस्पॉट निवारण के लिए उचित प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिया। डीसी ने लोगों से कोविड-19 के संबंध में सरकार और प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशानिर्देशों का उचित पालन करने की भी अपील की। कार्यक्रम में लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इसी तरह डोडा, सब डिवीजन अस्सर, ठाठरी और गंदोह में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।