उपायुक्त अधिकारियों को बैठक में निर्देश देते हुए
जम्मू। सड़कों में भीख मांगने वाले बच्चों को आश्रय और शिक्षा के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही बच्चों के माता पिता को भी जागरूक किया जाए। इससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो सकेगा। यह बात उपायुक्त सचिन कुमार वैश्य ने सड़कों पर भीख मांगने को बच्चों के पुनर्वास के लिए एक कार्य योजना तैयार करने संबंधी बैठक में कही। डीसी ने अधिकारियों से अभ्यास शुरू करने और सावधानीपूर्वक तैयार की गई योजना के साथ आने का आग्रह किया।
अलग-अलग विभागों को शामिल करते हुए एक व्यापक रूपरेखा तैयार की गई है। योजना में पुनर्वास मिशन के हिस्से के रूप में स्वास्थ्य जांच, आवश्यक पंजीकरण और सत्यापन शामिल हैं। बैठक में एडीडीसी शेर सिंह, एसडीएम, एसपी नॉर्थ शिवम सिद्धार्थ, मुख्य योजना अधिकारी उत्तम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरबख्श सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ममता राजपूत और सीडब्ल्यूसी और चाइल्डलाइन के प्रतिनिधि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।